धनबाद। गैंगवार में धनबाद के पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह और उनके तीन समर्थकों की मंगलवार शाम को हत्या कर दी गई। करीब सात बजे के आसपास शॉर्प शूटरों ने नीरज सिंह की गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग की। घटनास्थल बड़ी संख्या खोखे मिले हैं। गंभीर रूप से घायल नीरज सिंह को आनन-फानन में सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि इतनी गोली लगी थी कि शरीर में खून ही नहीं बचा था।

इलाज करने के लिए कुछ था ही नहीं। फायरिंग में नीरज के करीबी अशोक यादव, बॉडीगार्ड एवं ड्राइवर की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।

नीरज सिंह झरिया विधायक संजीव सिंह के चेचरे भाई हैं। धनबाद विधानसभा से चुनाव भी लड़ चुके हैं। इस खूनी खेल को धनबाद का सबसे बड़ा गैंगवार माना जा रहा है। एक साथ चार लोगों की हत्या से कोयलांचल स्तब्ध है।

नीरज सिंह की अपनी राजनीतिक पहचान थी। सिंह मेंशन में तनाव के कारण झरिया विधायक संजीव सिंह एवं नीरज सिंह के बीच राजनीतिक खींचतान भी चल रही थी।

नीरज के चाचा विक्रमा सिंह बलिया (यूपी) के विधायक रहे हैं और मूल रूप से परिवार वहीं का रहने वाला है।

घटना शहर के सरायढेला स्थित स्टील गेट के समीप घटी। घटना के लेकर स्टील गेट से लेकर सेंट्रल अस्पताल तक माहौल तनावपूर्ण है। सेंट्रल अस्पताल में नीरज समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। पुलिसवालों और सिटी एसपी अंशुमन कुमार से भी धक्का-मुक्की हुई। बड़ी संख्या में नीरज के समर्थक अस्पताल में मौजूद थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published.