Image result for बस में लगाई आग

फतेहाबाद। मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल और जाट नेताओं केे बीच दिल्ली के हरियाणा भवन में वार्ता के बीच हरियाणा में जाट आंदोलन में हिंसा भड़कने की खबर है। फतेहाबाद के ढाणी गोपाल में धरना दे रहे जाटों आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच विवाद हो गया। आंदोलनकारी भड़क गए और उन्‍होंने पुलिस पर पथराव कर दिया आैर एक बस में आग लगा दी। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। इसमें महिलाओं सहित कई अांदोलनकारी घायल हो गए। एक डीएसपी सहित कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

बताया जाता है कि ढाणी गाेपाल में धरना स्‍थल के आसपास पुलिस ने नाकेबंदी कर रखी थी। पुलिस ने जाट आंदोलनकरियों की चार ट्रैक्टर ट्रालियों को रोकने का प्रयास किया तो आंदोलनकारी हिंसक हो गए। दूसरी ओर, आंदोलनकारियों का कहना है कि वे धरने पर जा रहे थे और पु‍लिस ने उन्‍हें बेवजह रोका। इसके बाद विवाद भड़क गया। गुस्‍साए जाट आंदाेलनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। भड़के लोगों ने खैरी रोड पर नहर के नजदीक लगे पुलिस के बेरिकेट्स को तोड़ दिया।

बताया जाता है कि भड़के लोगों ने एक बस को आग लगा दी और कई गाडि़यों के शीशे तोड़ दिए। पुलिस लाठीचार्ज और पथराव में कई लोगों के घायल हो गए। कई महिलाओं को भी चोटें लगी हैं। पथराव में कई पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की खबर है। डीएसपी गुरदयाल के सिर पर चोट लगी है।

धरना फतेहाबाद जिले के भूना के नजदीक ढाणी गोपाल में चल रहा है। जाट आंदोलनकारियों ने पुलिस पथराव किया तो पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी और फिर लाठीचार्ज किया। स्थिति तनावपूर्ण है। भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.