नोएडा। ग्रेटर नोएडा में 24 घंटे के अंदर नाइजीरियाई लोगों पर चार हमले हुए हैं। इस हमले में पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। एनएसजी सोसायटी में रहने वाले छात्र की मौत के बाद नाइजीरियाई नागरिकों पर हमले को लेकर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने प्रदेश सरकार से रिपोर्ट मांगी है। सुषमा ने ट्वीट कर बताया है कि यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से ग्रेटर नोएडा में अफ्रीकी छात्रों पर हुए हमले के बारे में बात की है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी।

दरअसल, ग्रेनो के एनएसजी सोसायटी में रहनेवाला मनीष शुक्रवार रात घर के सामने से गायब हो गया था। अगले दिन वह नशे की हालत में घर लौटा। खून की उल्टियां होने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने पड़ोस में रहने वाले पांच नाइजीरियाई युवकों पर अपहरण कर नशीले इंजेक्शन देने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया। इनलोगों की गिरफ्तारी को लेकर सोमवार को पूरे दिन लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान परी चौक से गुजर रहे दो नाइजीरिया निवासियों पर भीड़ ने हमला बोल दिया। जिसके बाद पुलिस को लाठी फटकार कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। हमले को मनीष की मौत के बाद स्थानीय लोगों में नाइजीरियाई छात्रों के खिलाफ गुस्से से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने मारपीट के कारण की पुष्टि नहीं की है।

मनीष की मौत में पांच नाईजीरियाई का नामजद होने के बाद ग्रेनो में रहने वाले अन्य नाइजीरिया के नागरिक दूतावास में मामले की शिकायत कर रहे हैं। वहीं, वह सोशल साइट पर भी यहां हो रही घटनाओं की जानकारी अन्य देशों में रह रहे नाईजीरियाई नागरिकों को दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.