बीजिंग। डोकलाम को लेकर जारी विवाद के बीच चीन अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। एक बार फिर भारत पर निशाना साधा है। चीनी मीडिया ने भारत को संकीर्ण मानसिकता वाला देश बताया है। ग्‍लोबल टाइम्‍स ने अपने एक संपादकीय में डोकलाम विवाद का जिक्र करते हुए लिखा है कि भारत संकीर्ण मानसिकता वाला देश है जिसे लगता है कि सीमा पर एक सड़क के निर्माण से दो देशों के रणनीतिक हालात में बदलाव आ जाएगा।

अखबार ने आगे लिखा है कि भारत कोल्ड वार को बढ़ावा दे रहा है। वह क्षेत्रीय शासक की मानसिकता से काम कर रहा है। उसे इस मानसिकता से बाहर आने की जरूरत है, तभी वह उभरते चीन को दुश्मन की बजाय विकास के कई अवसरों के रूप में देख पाएगा। यह भी लिखा है कि भारत को खुली सोच अपनानी चाहिए और दुनिया को खतरों के तौर पर देखने और चुनौती के तौर पर लेना छोड़ देना चाहिए। भारत को छोटे दक्षिणी एशियाई देशों सहित दुनिया को लेकर अपनी सोच पर विचार करना चाहिए।

गौरतलब है कि पिछले दो महीने से ज्‍यादा समय से डोकलाम को लेकर भारत और चीन के बीच विवाद जारी है। इसकी शुरुआत तब हुई जब चीन ने सिक्किम में भारतीय जवानों पर सीमा पार करने और डोकलाम में एक सड़क निर्माण का काम रोकने का आरोप लगाया। तब से चीन लगातार भारत से अपने जवानों को वापस बुलाने की मांग कर रहा है।

भारत का कहना है कि जिस इलाके में चीन सड़क निर्माण का काम कर रहा है, वह भूटान का है। जबकि चीन ने इससे इंकार किया है और कई बार भारत को चेतावनी भरे अंदाज में कह चुका है कि वह भूटान और उसके सीमा विवाद में ना पड़े। इस विवाद को लेकर चीन की ओर से सैन्‍य कार्रवाई की धमकी भी दी जा चुकी है। मगर भारत भी मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published.