एटा-एजेंसी। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा को झूठ परोसने वाली पार्टी करार देते हुए कहा कि यूपी के नगरीय निकाय चुनाव में महापौर की सीटें जीतकर अपनी पीठ थपथपा रही भाजपा नगर पालिका और नगर पंचायतों में अपनी हार की चर्चा नहीं कर रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश ने एटा के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेन्द्र सिंह यादव की बेटी के विवाह कार्यक्रम में शिरकत करने आये अखिलेश ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा निकाय चुनावों में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों की बदौलत महापौर की 16 में से 14 सीटें जीतने का तो प्रचार कर रही है, मगर नगरपालिका तथा नगरपंचायत चुनावों में अपनी पराजय की चर्चा नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि भारत से भी अधिक विकसित देशों में भी जब मतपत्रों से मतदान होता है तो भारत में क्या समस्या है।  चुनाव आयोग पहले यह तो बताए कि वह खराब ईवीएम को ठीक कैसे करता है? जब खराब मशीन ठीक की जा सकती है तो सही को खराब भी किया जा सकता है।

भाजपा को झूठ परोसने वाली पार्टी बताते हुए श्री अखिलेश ने जनता को आह्वान किया कि वह इस पार्टी के झूठ से जनता बचे। नगर पालिका तथा नगर पंचायत चुनावों में पहले स्थान पर निर्दलीय, दूसरे पर भाजपा और तीसरे पर सपा रही हैं. उन्होंने सवाल किया कि कि भाजपा बताये कि बीते आठ महीने में उसने कितना विकास किया जिस गौमाता के नाम पर यह पार्टी सत्ता में आयी थी, उसके वध के कितने बूचड़खाने बंद कराये। प्रदेश में कितने अपराध कम हुए और कितनी सड़कें गड्ढ़ामुक्त हुईं।

श्री अखिलेश ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी हमला किया और आरोप लगाया कि मोदी बात तो विकास की करते हैं पर काम जनता को बांटने का करते हैं. गुजरात चुनावों में जब मोदी विकास की चर्चा में पिछड़ने लगे तो धार्मिकता को आगे बढ़ा दिया। अपने कृष्ण प्रेम के बारे में पूछे जाने पर श्री अखिलेश ने कहा कि जब भाजपा के लोग राम की बात करते हैं तो उनसे कोई नहीं पूछता. राम हों या कृष्ण दोनों विष्णु के अवतार हैं। वे हमारे थे और रहेंगे लेकिन सपा भाजपा की तरह इसका प्रचार नहीं करती।

Leave a Reply

Your email address will not be published.