मुंबई। एजेंसी। प्रसिद्ध फिल्मकार कल्पना लाजमी का मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में रविवार की सुबह निधन हो गया। परिवार के एक सदस्य ने यह जानकारी दी। वह 64 साल की थीं। कल्पना लाजमी किडनी और लीवर के काम करना बंद करने की बीमारी से पीड़ित थीं। कल्पना लाजमी निर्देशक, निर्माता और पटकथा लेखक थीं। वह यथार्थवादी फिल्में बनाने के लिये जानी जाती थीं। उनकी फिल्में अक्सर महिलाओं पर केंद्रित रहती थीं। उनकी कुछ लोकप्रिय फिल्मों में ‘रूदाली’, ‘दमन’, ‘दरमियान’ शामिल है।
कल्पना लाजमी की बतौर निर्देशक आखिरी फिल्म 2006 में प्रदर्शित ‘चिंगारी’ थी। यह फिल्म भूपेन हजारिका के उपन्यास ‘द प्रॉस्टीट्यूट एंड द पोस्टमैन’ पर आधारित थी। भूपेन हजारिका उनके पार्टनर भी थे।
कल्पना लाजमी को फिल्म 1993 में आई फिल्म ‘रुदाली’ के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। इसी फिल्म के लिए डिंपल कपाड़िया को भी सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का नेशनल अवॉर्ड मिला। फिल्म में डिंपल, राखी, राज बब्बर, अमजद खान लीड रोल में थे। इसके अलावा 66वें अकादमी अवॉर्ड्स में फिल्म ‘रुदाली’ को बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म कैटेगिरी में एंट्री भी मिली थी।
कल्पना लाजमी ने श्याम बेनेगल के साथ सहायक निर्देशक के रूप में अपना सफर शुरू किया था। डायरेक्टर के रूप में उनकी पहली फ़िल्म थी- ‘एकपल’। यह फ़िल्म 1986 में आयी थी। इस फ़िल्म में शबाना आज़मी और नसीरुद्दीन शाह लीड रोल में थे। इस फ़िल्म को उन्होंने प्रोड्यूस भी किया था और गुलज़ार साहब के साथ मिलकर उन्होंने स्क्रीनप्ले भी लिखा।
कल्पना लाजमी की मां मशहूर पेंटर ललिता लाजमी थीं और वो अभिनेता गुरु दत्त की भतीजी भी थीं। कला और सिनेमा उनके रगों में था और उन्होंने अपनी तरह की कुछ अलग फ़िल्में भी बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published.